चंबा, 18 अप्रैल। जिला चंबा में ‘विशेष राजस्व लोक अदालत’ के तहत चलाए जा रहे अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इस विशेष अभियान के तहत जिले में अब तक कुल 1636 राजस्व मामलों का सफल निपटारा किया जा चुका है। यह जानकारी उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने गुरुवार को राष्ट्रीय सूचना एवं विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के वीडियो कॉन्फ्रेंस कक्ष में आयोजित विशेष राजस्व अदालत की प्रगति समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।
निपटाए गए मामलों का विवरण बैठक के दौरान उपायुक्त ने बताया कि निपटाए गए 1636 राजस्व मामलों में मुख्य रूप से शामिल हैं:
-
तकसीम (बंटवारा): 440 मामले
-
सीमांकन (निशानदेही): 640 मामले
-
राजस्व अभिलेख दुरुस्ती: 556 मामले
लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के सख्त निर्देश
उपायुक्त ने पिछले सप्ताह निर्धारित किए गए लक्ष्यों की गहन समीक्षा की और अधिकारियों को लंबित मामलों के समाधान को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी उपमंडल दंडाधिकारियों (एसडीएम), तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों को हिदायत दी कि वे प्रति सप्ताह तय लक्ष्य के अनुरूप मामलों का निपटारा सुनिश्चित करें ताकि जनता को समयबद्ध राहत मिल सके।
उन्होंने विशेष अभियान अवधि के दौरान उन मामलों पर त्वरित कार्रवाई करने पर जोर दिया, जो एक वर्ष से अधिक समय से लंबित हैं। उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से ऐसे पुराने मामलों की सूची भी तलब की है।
ऑनलाइन पोर्टल पर डाटा अपलोड करना अनिवार्य
कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और डिजिटलीकरण पर जोर देते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिए कि राजस्व मामलों के निस्तारण के तुरंत बाद संबंधित डाटा को ‘राजस्व प्रबंधन प्रणाली’ में अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए। इसके अलावा, पुराने पंजीकृत दस्तावेजों की स्कैनिंग और जमाबंदी से जुड़े कार्यों को भी तेजी से पूरा करने के दिशा-निर्देश जारी किए गए। साथ ही, राजस्व अधिकारियों को आगामी सप्ताह के लिए नए लक्ष्य भी सौंपे गए हैं।
बैठक में इनकी रही उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का सफल संचालन अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा द्वारा किया गया। बैठक में एसडीएम चंबा प्रियांशु खाती, एसडीएम सलूणी चंद्रवीर सिंह, एसडीएम चुराह राजेश जरयाल, तहसीलदार चंबा भूपेंद्र, तहसीलदार चुराह आशीष ठाकुर और तहसीलदार भटियात जय चंद मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त जिले के विभिन्न उपमंडलों से अन्य एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार भी वर्चुअल माध्यम से इस बैठक से जुड़े।

